चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए वरिष्ठ नेता बलतेज पन्नू को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी हाईकमान ने बलतेज पन्नू को पंजाब इकाई का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है।
पन्नू लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और पंजाब की राजनीति में एक जाना-पहचाना चेहरा हैं। उनकी वरिष्ठता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए ही पार्टी ने उन्हें यह अहम पद दिया है। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति से पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल और बेहतर होगा।
आप पंजाब के पूरे नेतृत्व ने बलतेज पन्नू को इस नियुक्ति पर बधाई दी है। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि वह अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। साथ ही पार्टी की लोक-हितैषी नीतियों को घर-घर पहुंचाने में वह अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं बलतेज पन्नू ने पार्टी हाईकमान का आभार जताते हुए कहा है कि वह पार्टी द्वारा उन पर जताए गए भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।