कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों को आई चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। मोरनी मार्ग पर मंगलवार शाम शराब पीने के दौरान दो युवकों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में एक युवक ने दूसरे के सिर पर कांच की बोतल दे मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
घायलों की पहचान सन्नी निवासी अभयपुर और बिजेंद्र निवासी राजीव कॉलोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
बताया जा रहा है कि एक युवक ने आवेश में आकर कांच की बोतल उठाकर दूसरे के सिर पर मार दी। बोतल लगने से उसके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। हाथापाई में दोनों को चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन ने भी घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।