पंचकूला। इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 में एक युवक की होली की शाम दर्दनाक मौत हो गई। देर शाम करीब साढ़े 6 बजे युवक हाईटेंशन बिजली के तार पर बैठे कबूतर को उतारने गया था, तभी उसे करंट लगा गया और मौत हो गई। मृतक की पहचान रॉकी (28) इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, रॉकी की शादी कुछ समय पहले इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 निवासी युवती के साथ हुई थी। रॉकी पत्नी के साथ इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के आशियाना कांप्लेक्स के गेट के बाहर झुग्गियों में रहता था। उसने कबूतर पाले हुए थे। सोमवार को होली खेलने के बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे उसका एक कबूतर बिजली के हाईटेंशन तार पर बैठ गया। कबूतर उतारने के लिए उसने लोहे की पाइप पर लगी छतरी का सहारा लिया। उसी दौरान उसे करंट लग गया और वहां नीचे गिर गया। उसके परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सेक्टर-19 पुलिस चौकी को सूचना दी गई।