न्यू लेबर चौक पर देर रात वारदात, छाती पर दो वार से गई जान
पुरानी दुश्मनी बनी वजह, एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। दिवाली के दिन हुए विवाद की रंजिश में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग आरोपी को काबू किया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में चंडीगढ़ में भी हत्या का एक मामला दर्ज होने की बात सामने आई है।
मृतक की पहचान राजीव कॉलोनी, सेक्टर-17 निवासी मोहित सिंह के रूप में हुई है जो अपने पिता के साथ किसान मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 11:30 बजे इंदिरा कॉलोनी स्थित न्यू लेबर चौक के पास आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते मोहित पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने उसकी छाती के दाहिनी ओर दो वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मोहित को उसके दोस्त तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सेक्टर-16 पुलिस चौकी इंचार्ज भीम सिंह की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी नाबालिग को जल्द ही काबू कर पुलिस अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि मृतक और आरोपी के बीच पिछले साल दिवाली के दिन के दौरान विवाद और मारपीट हुई थी। इसी रंजिश में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत थाना सेक्टर-14 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो आरोपी थे शामिल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के समय आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ मौके पर पहुंचा था। घटना के बाद दोनों फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
परिजनों में शोक, इलाके में दहशत
घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं इलाके में दहशत का माहौल है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।