माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। मौलीजागरां शिव मंदिर के सामने पार्क में बैठे युवक किशन शर्मा को दो हमलावरों ने कंधे पर चाकू मारकर घायल कर दिया। इसकी सूचना जब परिजनों को मिली तो आनन-फानन में उसको लेकर सेक्टर-6 सिविल अस्पताल पहुंचे। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने इलाज करने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इस मामले की सूचना मौलीजागरां थाने को दी है।
युवक किशन शर्मा ने बताया कि वह रात नौ बजे खाना खाने के बाद शिव मंदिर पार्क में अपनी दोस्त के साथ बैठा था। उसी वक्त अचानक पार्क में दो लोग आए और उससे बहस करने लगे। बहस करने के दौरान उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। कंधे पर चाकू लगने से वह लहूलुहान हो गया। इस पर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर किशन की मां रीता और उसका भाई उसे सिविल अस्पताल लेकर गए। किशन की मां रीता ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। रीता ने बताया कि वह अपने बेटे के हमले की सूचना पुलिस को देगी।