थकने पर छूटा हाथ, गिरकर हुआ घायल, पीजीआई रेफर
स्कूटी को टक्कर मारने के बाद ट्रक को रुकवाने की कोशिश कर रहा था अमित
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंचकूला से आते समय चंडीमंदिर टोल प्लाजा से पहले एक स्कूटी सवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके बाद स्कूटी सवार ने ट्रक को रोकने के लिए उसका पीछा किया। चंडीमंदिर टोल प्लाजा के पास वह ट्रक के पास पहुंचा। यहां स्कूटी सवार ने ट्रक को रोकने के लिए उसका दरवाजा पकड़ लिया, लेकिन ट्रक चालक रुका नहीं और वह मौके से भागने लगा। करीब दस किमी तक ट्रक को चालक भगाता रहा। अंत में युवक गिर गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सिविल अस्पताल पंचकूला से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
स्कूटी सवार युवक अमित शुक्रवार को टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक चालक को रोकने की कोशिश कर रहा था। अंत में वह ट्रक रुकवाने के लिए उसके दरवाजे पर लटक गया। इतने में बैलेंस बिगड़ा तो वह जान बचाने के लिए ट्रक की बोनट के पास बनी जगह पर पैर रखकर खड़ा हो गया। बार-बार ट्रक चालक से युवक अमित ट्रक रोकने की गुहार लगाता, लेकिन वह नहीं रुका। चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ाते हुए कालका की ओर निकल पड़ा। करीब 10 किलोमीटर तक युवक ट्रक की बोनट पर ही लटका रहा। थकने के बाद उसका हाथ छूट गया और युवक बोनट से नीचे गिरकर घायल हो गया। युवक के चाचा प्रेमचंद ने बताया कि उसका भतीजा अमित आईटीआई कर रहा है और संस्थान से कालका स्थिति एक एजेंसी में ट्रेनिंग ले रहा है। मंगलवार दोपहर जब वह पंचकूला से स्कूटी लेकर एजेंसी की ओर आ रहा था, तभी उसके साथ ये हादसा हुआ। ट्रक के बोनट पर लटके हुए उसके भतीजे सहित अन्य वाहन चालकों ने भी ट्रक चालक को रोकने के लिए कहा, लेकिन ट्रक चालक नहीं रुका। कालका में अचानक उसका भतीजा ट्रक से गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। उसे पंचकूला सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां से उसकी गंभीर हालात देख चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है।