कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित कुंडी गांव में 27 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान कुंडी गांव निवासी रंजीत (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रंजीत अपने साथियों के साथ किराये के कमरे में रहता था। शुक्रवार को उसके साथी ड्यूटी पर चले गए, जबकि वह कमरे पर अकेला था। शाम को लौटने पर काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां रंजीत का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यदि आप या आपका कोई परिचित ऐसी भावनाओं से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से बात करना मददगार हो सकता है.