पंचकूला। पार्टी खत्म कर होटल से घर जा रहे युवकों पर रॉड से हमला कर एक की पैर की हड्डी तोड़ दी। सेक्टर-7 थाना पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। लुधियाना निवासी प्रतीक गोयल ने शिकायत में बताया कि वे 23 जुलाई की रात करीब 11 बजे अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए सेक्टर-5 स्थित होटल बैला बिस्टा में थे। पार्टी खत्म होने के बाद रात करीब दो बजे वे अपने दोस्त की गाड़ी में सवार होकर होटल से निकले। उनकी महिला दोस्त भी अपनी एक सहेली के साथ दूसरी गाड़ी में सवार होकर उनके आगे -आगे चंडीगढ़ के लिए निकली थीं।
कुछ ही दूरी पर एक लाल रंग की गाड़ी में दो लड़के सवार थे। उन्होंने महिला की गाड़ी को रुकवाने की कोशिश की और शराब से भरे गिलास दिखाकर इशारे भी किए। शिकायतकर्ता ने अपनी गाड़ी को रोका तो लाल रंग की गाड़ी भी रुक गई। इसके बाद दोनों के बीच बहस हुई। लाल कार से एक युवक उतरा और जबरदस्ती शिकायतकर्ता की गाड़ी में बैठ गया। शिकायतकर्ता के दोस्त ने अपनी गाड़ी वहां से भगा ली। उनका लाल रंग की गाड़ी ने पीछा किया। जब वे सेक्टर-7/8 की ट्रैफिक के पास पहुंचे तो उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी।
एक और गाड़ी में लड़के पहुंचे
उनके पीछे आ रही गाड़ी भी रुक गई। शिकायतकर्ता ने अपनी महिला दोस्त को वहां से आगे जाने के लिए कहा। कुछ देर बाद एक काले रंग की सफारी गाड़ी में पांच लड़के आए और वहां पहले से मौजूद लाल रंग की गाड़ी वाले लड़कों ने मिलकर शिकायतकर्ता और उनके दोस्त को लात घूसों से पीटना शुरू कर दिया। एक लड़के ने अपने हाथ में लिए रॉड को शिकायतकर्ता की दाहिनी टांग पर मारा। इस वजह से शिकायतकर्ता के पैर की हड्डी टूट गई और उसके दोस्त ईशान को भी काफी चोट पहुंची है।
नाके पर पुलिस वाले मिले
शिकायतकर्ता की महिला दोस्त अपनी सहेली को लेकर मौली जांगरा के पुलिस नाके पर पहुंची। वहां से एक पुलिस कर्मी को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर शिकायतकर्ता के पास पहुंची। पुलिस कर्मी को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल से सेक्टर-7 थाना पुलिस को सूचना दी गई।