पंचकूला। पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित एक घर में शुक्रवार सुबह एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह (22) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जम्मू का निवासी था और पंचकूला में कुक का काम करता था।
पुलिस के अनुसार सुबह जब घर के लोग सुरेंद्र के कमरे का दरवाजा लंबे समय तक बंद देखकर चिंतित हुए तो खिड़की से झांककर देखा। उन्हें सुरेंद्र फंदे से लटका हुआ मिला।
सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।