पिंजौर। यूनिवर्सिटी से पीछा कर कार सवार लोगों ने बस से उतरते ही एक युवक पर हमला कर उसको घायल कर दिया। पुलिस ने युवक की शिकायत पर कार सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता शुभम निवासी बीसीडब्ल्यू सूरजपुर ने बताया कि वह महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी बद्दी में बीकाम का छात्र है। घर आते वक्त वह सूरजपुर बस स्टैंड पर यूनिवर्सिटी की बस से नीचे उतर कर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान पीछा कर रहे कार सवारों ने उसको टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर एक तरफ गिर पड़ा। इस दौरान कार से पांच युवक उतरे। देखते ही देखते उन लोगों ने उस पर हमला कर दिया। एक ने उसके सिर में लोहे की राॅड से हमला कर दिया। इससे वह बेहोश हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि हमला करने वाले युवकों में मुकेश, गौरव, प्रिंस, गोला सहित एक अन्य युवक शामिल था। आरोपियों ने धमकी देकर कहा कि यदि वह पुलिस के पास शिकायत देने गया तो वे उसे जान से मार देंगे।