27 मई को हुई रजिस्ट्री की प्रति अब तक नहीं मिली, हर बार अलग-अलग कारण बताकर लौटाने का आरोप
रजिस्ट्री के एक माह बाद भी नहीं मिली दस्तावेज की कॉपी, महिला का आरोप, हर बार अलग-अलग कारण बताकर लौटाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। रजिस्ट्री की कॉपी प्राप्त करने के लिए एक महिला पिछले एक महीने से तहसील कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर है। आरोप है कि 27 मई को रजिस्ट्री करवाने के बावजूद अब तक दस्तावेज की प्रति उपलब्ध नहीं करवाई गई। मामले को लेकर तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड प्रबंधन और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
शिकायतकर्ता कमलेश कुमारी ने बताया कि रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह कई बार तहसील कार्यालय पहुंच चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें अलग-अलग कारण बताकर वापस भेज दिया जाता है। कभी रिकॉर्ड बाइंडिंग में होने की बात कही जाती है तो कभी फाइल उपलब्ध न होने का हवाला दिया जाता है। उनका कहना है कि एक ही दस्तावेज को लेकर अलग-अलग जवाब मिलने से भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
कमलेश कुमारी के अनुसार रजिस्ट्री की कॉपी नहीं मिलने से उनके अन्य जरूरी कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर जल्द दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रजिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं तो इससे आम नागरिकों का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा प्रभावित होता है। उनका मानना है कि रिकॉर्ड के रखरखाव और दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाए जाने की जरूरत है।
करीब एक महीने से लंबित इस मामले ने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेकर समाधान का आश्वासन दिया है।
कोट
मैंने 5 जून को कार्यभार ग्रहण किया है। इससे पहले की रजिस्ट्री और डीड संबंधी मामलों की जानकारी मेरे पास उपलब्ध नहीं है। पुराने रिकॉर्ड के संबंध में पूर्व में कार्यरत आरसी कर्मचारी से जानकारी ली जा सकती है।
- अमित कुमार, आरसी, तहसील कार्यालय रायपुररानी
कोट
मामला मेरे संज्ञान में आया है। संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी ली जा रही है और महिला को सोमवार तक रजिस्ट्री की कॉपी उपलब्ध करा दी जाएगी।
-संजीव अत्त्री, नायब तहसीलदार, बरवाला