संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। पिंजौर-नालागढ़ रोड पर दो ट्रकों की टक्कर में उपचाराधीन घायल ट्रक ड्राइवर ने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ताराचंद निवासी गांव गरीडा ने बताया कि वीरवार की रात करीब 12 बजे वह गांव कीरतपुर में आयोजित जागरण में शामिल होकर अपने घर गरीडा आ रहा था। जैसे ही वह गरीडा पुल के समीप पहुंचा तो उसके आगे जा रहे ट्रक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद उसने राहगीरों की सहायता से एक ट्रक के बुरी तरह घायल ड्राइवर को बाहर निकाला। घायल ट्रक ड्राइवर बिमलेश कुमार निवासी मधुबनी उमगांव कोठी बिहार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि घायल बिमलेश की मौत हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दूसरे ट्रक चालक संजय के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।