संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पोलिटेक्निक कॉलेज सेक्टर-26 में मामूली बहस के बाद एक छात्र पर दूसरे छात्रों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल छात्र की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को शिकायत में सेक्टर-23 निवासी गौतम ने बताया कि वह कॉलेज की आर्किटेक्ट ब्रांच में द्वितीय वर्ष में पढ़ रहा है। आठ अप्रैल की दोपहर करीब 12 बजे वह कॉलेज की कैंटीन में जा रहा था तो चलते समय अचानक से उसका कंधा कॉलेज के छात्र रमन के कंधे के साथ लग गया। इस पर रमन ने उसे गुस्से में बोला कि अंधा हो गया है क्या, देखकर नहीं चल सकता। गौतम ने कहा कि देखकर ही तो चल रहा हूं।
इस बात पर रमन उसके साथ लड़ने को हो गया और बोला कि तू जानता नहीं है मैं किस गैंग से हूं। आज कॉलेज की छुट्टी के बाद तुझे देखता हूं। दोपहर करीब साढ़े 4 बजे कॉलेज खत्म होने के बाद गौतम कॉलेज से बाहर निकला तो साथ लगती सड़क से वह अकेला जा रहा था। इतने में रमन, कार्तिक, अमनदीप, साहिल और अन्य अज्ञात लड़के वहां पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया। रमन ने उसे बोला कि आज तुझे मजा चखाता हूं।
यह कहते हुए रमन और साहिल सैनी ने चाकू से और कार्तिक के सािा अमनदीप सिंह ने डंडे से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उसको घायल करके सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को उपचार के लिए सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में पहुंचाया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।