तेज गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए अस्पताल प्रशासन अलर्ट, डॉक्टरों ने ज्यादा पानी पीने और बाहर का खाना खाने से बचने की दी सलाह
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए सिविल अस्पताल प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। लू और गर्म हवाओं से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल के प्रथम तल पर 10 बेड का विशेष हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार किया गया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, वार्ड में हीट वेव से प्रभावित मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जाएगा। वहीं मौसम में बदलाव के चलते संक्रमण के मरीज भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिसे देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को बाहर का खाना खाने से बचने की सलाह दी है।
पंचकूला सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरएस चौहान ने बताया कि गर्मी के दिनों में तेज गर्म हवाओं की चपेट में आने से शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है। इसके कारण सिरदर्द, हाथ-पैरों में ऐंठन, चक्कर और बेहोशी जैसी समस्याएं सामने आती हैं।
उन्होंने कहा कि धूप में काम करने वाले लोग अधिक मात्रा में पानी पिएं और जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रॉल जैसे घोल का सेवन करें, ताकि शरीर में पानी और नमक का संतुलन बना रहे। शरीर का तापमान कम करने के लिए गीले कपड़े से शरीर पोंछना और छांव में आराम करना भी जरूरी है।
डॉ. चौहान ने सलाह दी कि धूप से आने के तुरंत बाद ठंडे पानी से हाथ-पैर न धोएं, बल्कि कुछ देर आराम करें। सामान्य व्यक्ति को दिनभर में कम से कम 5 से 6 लीटर पानी पीना चाहिए। वहीं शुगर के मरीज किसी भी घोल या पेय का सेवन चिकित्सक की सलाह से ही करें।