चंडीमंदिर। चंडीमंदिर में रविवार शाम टोल प्लाजा से अमरावती एनक्लेव कॉलोनी के पुल तक भीषण ट्रैफिक जाम लग गया। जाम की लंबाई करीब छह किलोमीटर तक पहुंच गई, जिससे सैकड़ों वाहन सड़क पर रेंगते नजर आए। क्रिसमस की छुट्टियों के बाद हिमाचल प्रदेश से लौट रहे सैलानियों की संख्या अधिक होने के कारण देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने बताया कि फास्टैग लेन होने के बावजूद टोल प्लाजा पर वाहन धीमी गति से निकल रहे थे। शाम से रात तक अमरावती एन्क्लेव से चंडीमंदिर की ओर तीन से चार लेन में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिनमें कार, बसें, ऑटो रिक्शा और ट्रक शामिल थे।परवाणू निवासी भारत भूषण ने बताया कि अमरावती एनक्लेव पुल से चंडीमंदिर टोल तक पहुंचने में करीब 30 मिनट लग गए, जबकि सामान्य दिनों में यह दूरी कुछ ही मिनटों में तय हो जाती है।
टोल प्रबंधन ने दी सफाई
हिमाचल से लौट रहे सैलानियों के कारण ट्रैफिक का दबाव बढ़ा है। फास्टैग से वाहन औसतन पांच सेकेंड में गुजर रहे हैं, हालांकि खुले पैसे और नेटवर्क की समस्या के कारण कभी-कभी देरी हो जाती है।- जितेंद्र कुमार मैनेजर, चंडीमंदिर टोल प्लाजा