खतरनाक जंगलों और कई देशों से कराया अवैध सफर, दो आरोपियों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। यूके से अमेरिका भेजने का झांसा देकर 28 लाख रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित विनोद कुमार निवासी जिला पटियाला (पंजाब) की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने वीर सिंह उर्फ मिट्टू उर्फ जॉन और उसके पिता श्याम लाल निवासी रायपुररानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने डीसीपी कार्यालय पंचकूला में दी शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2023 में रोजगार के सिलसिले में इंग्लैंड गया था, लेकिन स्थायी काम न मिलने के कारण अमेरिका जाना चाहता था। इसी दौरान जानकारों के माध्यम से उसकी मुलाकात वीर सिंह से हुई, जिसने इंग्लैंड से अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाया और 25 लाख रुपये में सौदा तय किया।
पीड़ित के पिता ने रिश्तेदारों से उधार और बैंक से लोन लेकर 25 लाख रुपये नकद व ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए आरोपियों को दिए। इसके बाद डंकर को देने के नाम पर तीन लाख रुपये और वसूले गए। आरोप है कि अमेरिका पहुंचाने के बजाय पीड़ित को फ्रांस, स्पेन, ग्वाटेमाला, निकारागुआ सहित कई देशों से होते हुए जंगलों के खतरनाक रास्तों से अवैध रूप से बॉर्डर पार कराया गया।
शिकायत के अनुसार इस दौरान पीड़ित को कई दिनों तक भूखा रखा गया, हथियार दिखाकर धमकाया गया और विभिन्न देशों में पुलिस हिरासत व यातनाएं भी झेलनी पड़ीं। अंततः 3 मार्च 2025 को उसे भारत वापस भेज दिया गया।
भारत लौटने के बाद जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने बताया कि इस ठगी के चलते परिवार पर भारी कर्ज चढ़ गया है, घर तक बिक चुका है और बैंक लोन की किश्तें चुकाना मुश्किल हो गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल की जा रही है।