पंचकूला। सेक्टर-17 इंदिरा कॉलोनी निवासी एक युवक को चाकू मारकर नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने सेक्टर-16 चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों के नाम अंशु, नशीबा और पीके हैं, जो पहले भी क्षेत्र में मारपीट व लूटपाट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
शिकायतकर्ता मनीष ने दी शिकायत में बताया कि वह शादियों में डेकोरेशन का काम करता है और उसका बुढ़नपुर सेक्टर-16 में डेकोरेशन सामान का गोदाम है। 7 मार्च की रात करीब 8:30 बजे वह अपने गोदाम से सामान लेकर कार से घर लौट रहा था। जब वह इंदिरा कॉलोनी की मस्जिद के पास पहुंचा तो गाड़ी रोककर कुछ सामान लेने के लिए उतरा।
आरोप है कि इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे, जिनमें से एक के हाथ में चाकू था। आरोपियों ने उसे पकड़कर इंदिरा कॉलोनी की गलियों में एक सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की। इस दौरान एक युवक ने चाकू से उसके बाएं पैर पर वार कर दिया और जेब में रखे करीब 2 हजार रुपये लूट लिए।
वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल मनीष को परिजन उपचार के लिए सेक्टर-6 के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसका मेडिकल कराया गया।