पंचकूला। सेक्टर-17 के पास राजीव कॉलोनी के मकान नंबर 679 में आग लग गई। लेकिन पुलिस की पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा होने से टल गया। बता दें कि शांति नामक महिला ने सुबह अपने घर में पूजा स्थल पर दीपक जलाया और वह पूजा करके किसी काम से बाहर चली गई। इसके कुछ देर बाद उस दिए की आग फैलती हुई पूरे घर पर लग गई। इस पर सेक्टर-16 के चौकी इंचार्ज मान सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह 8 बजे राजीव कॉलोनी में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिसबल घटना स्थल पर पहुंचा। मान सिंह ने बताया कि गली छोटी होने के कारण अंदर फायर ब्रिगेड़ की गाड़ी नहीं पहुंच सकी। इस पर पुलिस वालों के हाथपांव तब फूल गए, जब आग वहां पर रखे एक गैस सिलिंडर के पास तक जा पहुंची। लेकिन चौकी इंचार्ज मान सिंह और एएसआई चिरंजी लाल ने साहस दिखाते हुए उस सिलिंडर को आग लगने से पहले ही पास के नाले में फेंक दिया। इस तरह कॉलोनी में बड़ा हादसा होने से टल गया। बड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की गाड़ी से आग पर काबू पाया। संवाद