संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। युवती को नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2.50 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सेक्टर-20 पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता चाय की दुकान करते हैं। उनके पिता की दुकान पर ओमप्रकाश और सुरेश नाम के व्यक्ति चाय पीने आया करते थे। दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पिता को कहा कि वह उनकी बेटी को नौकरी लगवा देगा।
शिकायतकर्ता के पिता ने आरोपियों से कहा कि उनकी बेटी सिर्फ दसवीं पास है। आरोपियों ने कहा कि पैसा खर्च करने पर उनकी बेटी को नौकरी मिल सकती है। आरोपियों ने पांच लाख रुपये देने को कहा। उसने पांच लाख रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी 2.50 लाख में मान गए। शिकायतकर्ता के पिता ने अपने जानकारों से पैसे मांगकर और कुछ पैसे ब्याज पर लेकर आरोपियों को 2.50 लाख रुपये दिए ताकि उसकी बेटी को आरोपी नौकरी लगवा सके। काफी समय बीतने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो शिकायतकर्ता के पिता ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने पैसा देने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।