पंचकूला। हरियाणा पुलिस के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं जाट सभा के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह मलिक ने सरकार से मांग की है कि भगत फूल सिंह विश्वविद्यालय खानपुर कलां में एक चेयर स्थापित की जानी चाहिए। इससे विद्यार्थी भगत फूल सिंह पर शोध कर उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें। डॉ. मलिक वीरवार को चौधरी छोटूराम जाट भवन में भगत फूल सिंह की याद में आयोजित एक विचार गोष्ठी और जाट समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय-सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। महेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि भगत फूल सिंह ने नारी शिक्षा के लिए जो कार्य किया, वह एक अनूठा उदाहरण है।
आर्य समाज के प्रभाव में आकर उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी को छोड़कर मात्र तीन लड़कियों की संख्या से कन्या गुरुकुल आरंभ किया था। उनके द्वारा लगाया शिक्षा का वह पौधा अब विश्वविद्यालय के रूप में वट वृक्ष बन चुका है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि व गुरुकुल खानपुर कलां एवं भैंसवाल कलां की पूर्व चेयरमैन कृष्णा मलिक ने भगत फूल सिंह को देहाती गांधी की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि जिस समय में लड़कियों को पढ़ाने के लिए गुरुकुल की स्थापना की थी, उस समय नारी शिक्षा की कल्पना करना भी मुश्किल था। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गुरुकुल खानपुर कलां के पूर्व महासचिव जय सिंह ठेकेदार ने भी भक्त फूल सिंह को सच्चा गांधीवादी विचारधारा का व्यक्ति बताया। इस अवसर पर भगत फूल सिंह पॉलिटेक्निक एवं अन्य शैक्षणिक संस्थाओं में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पूर्व प्राचार्या किरण जिंदल, सुमन दलाल, डॉ. ज्ञानवती, साहब कौर समेत अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।
परिचय सम्मेलन में 200 से अधिक युवाओं का बायोडाटा हुए एकत्रित
इस मौके पर जाट समाज के विवाह योग्य युवक और युवतियों के लिए एक जाट परिवार परिचय सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में 200 से अधिक युवाओं के बायोडाटा एकत्रित हुए। इसको लेकर विभिन्न परिवारों ने परस्पर चर्चा की। कुछ परिवारों की मौके पर ही मीटिंग करके बातचीत को आगे बढ़ाया गया। इस अवसर पर जाट सभा के उपाध्यक्ष जयपाल पुनिया, सचिव बीएस गिल, एचएसएससी के सदस्य साधु राम जाखड़, राजेंद्र खर्ब, नरेश दहिया, रणबीर सिंह राठी, ईश्वर सिंह दुहन, राज सिंह कादयान, अनिल आर्य, जगबीर कादयान, प्रोमिला सांगवान, प्रोमिला नैन, संदीप गोयत, प्रेम सिंह, आनंद लाठर के अलावा अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।