14.60 रुपये का भुगतान कर 1460 रुपये की सिगरेट लेकर भागने लगा कार चालक, पान-सिगरेट विक्रेता को बोनट पर घसीटा
-13 सितंबर की रात की घटना, दो महीने से अधिक बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप
-घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सिगरेट के 1460 रुपये का भुगतान करने के बजाय महज 14.60 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कार चालक पान-सिगरेट विक्रेता को चकमा देकर भागने लगा। विक्रेता ने जब उससे पैसे मांगे तो आरोपी ने कार आगे बढ़ा दी। इस दौरान विक्रेता कार के बोनट पर लटक गया और चालक उसे कुछ मीटर तक घसीटता ले गया। विक्रेता ने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। घटना 13 सितंबर की रात करीब नौ बजे की है। पीड़ित राजन का आरोप है कि दो महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। राजन ने बताया कि वहे एमडीसी सिंह द्वार के समीप पान सिगरेट की दुकान लगाते है। 13 सितंबर की रात करीब नौ बजे एक कार सवार उसके पास आया और सिगरेट मांगी। उन्होंने उसे सिगरेट के पैकेट दिए, जिनकी कुल कीमत 1460 रुपये थी। कार चालक ने ऑनलाइन भुगतान करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन किया। इसके बाद साउंड बॉक्स से 14.60 रुपये के भुगतान की आवाज आई। आरोपी ने 1460 रुपये के बजाय केवल 14.60 रुपये ही ट्रांसफर किए थे।
-10 सेकेंड तक बोनट पर लटका रहा विक्रेत
उन्होंने कार चालक को बताया कि पूरे पैसे नहीं आए हैं। इस दौरान कार चालक ट्रैफिक लाइट के पास जाकर खड़ा हो गया। राजन पास पहुंचे और बकाया रकम मांगी तो आरोपी ने कार आगे बढ़ा दी। उन्होंने कार के बोनट को पकड़ लिया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। वह करीब 10 सेकंड तक बोनट पर लटके रहे और कार उन्हें कुछ मीटर तक घसीटती ले गई। इसके बाद उन्होंने छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। आरोपी कार चालक कार समेत मौके भाग गया। इस दौरान राजन के पैर भी चोट पहुंची है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी वारदात की वीडियो भी बनाई।
-दो महीने से अधिक बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं
पीड़ित का आरोप है कि उसने घटना के बाद डायल 112 को शिकायत दी थी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी और घायल को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया था। इसके बाद पीडि़त ने एमडीसी थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन कैमरे बंद होने की बात कहकर आगे कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड और बैंकिंग डिटेल के आधार पर आरोपी की पहचान की जा सकती थी, लेकिन दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
कोट
मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। वह इस संबंध में जांच करवाएंगी और जांच के आधार पर जो उचित होगा, कार्रवाई की जाएगी।-राजेश कुमारी, एमडीसी थाना एसएचओ