खर्च का लक्ष्य 299 करोड़, सबसे ज्यादा 152 करोड़ विकास कार्यों पर होंगे खर्च
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-1 के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सोमवार को नगर निगम ने 2025-26 के लिए 300 करोड़ के बजट का प्रस्ताव पास कर दिया। इसमें से 299 करोड़ के व्यय को मंजूरी दी गई है। इसमें सबसे ज्यादा विकास कार्यों पर 152 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम की करीब डेढ़ साल बाद सोमवार को हुई बजट और आम सदन की बैठक में अधिकतर प्रस्तावों पर मंजूरी मिल गई। महापौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पंचकूला हलका के विधायक चंद्रमोहन भी मौजूद थे। बैठक में निगम की ओर से 25 प्रस्ताव लाए गए। इस दौरान कांग्रेसी पार्षदों ने पिछली बैठक में प्रस्तावों की मंजूरी मिलने के बावजूद काम सिरे न चढ़ने पर कई सवाल जवाब किए गए।
इन एजेंडों को मिली मंजूरी
- शहर में गांधी कॉलोनी, राजीव और इंदिरा कॉलोनियों के अलावा खड़ग मंगोली कालोनी में 1 मरला के प्लाटों के लिए नगर निगम हरियाणा सरकार को प्रस्ताव भेजेगा।
-महापौर ने बताया कि सेक्टर 25 में एपीडीएम ट्रक बनाने के लिए प्रावधान किया जाएगा। जिन पार्कों में हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं, वहां सर्वे करवाकर ट्रैक को मंजूरी दी जाएगी। 15 दिन में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया। निगम कमिश्नर ने कहा कि जिन पार्कों के ऊपर से तार गुजर रहे हैं, उनके बारे सर्वे करवाया जाएगा।
-पार्षद सुशील गर्ग ने कहा कि सेक्टर 20 में मुख्य दीवार न होने से मवेशी गंदगी में मुंह मार रहे हैं। दीवार के निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद भी यह नहीं बनाई गई है। बैठक के दौरान ही सूचना दी गई कि दीवार का निर्माण शुरू किया जा रहा है।
-पीएमडीए को एजुकेशन सिटी बनाने के लिए गांव चंडीमंदिर में 100 एकड़ जमीन एजुकेशन सिटी/यूनिवर्सिटी बनाने के लिए ट्रांसफर करने के संबंध में सदन ने मंजूरी दी।
- पंचकूला के लोगों की समस्या को देखते हुए प्रत्येक वार्ड में एक एंबुलेंस ड्राइवर सहित उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव निगम में रखा गया ताकि मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। इस पर पार्षदों ने कहा कि शुरू में 5 एंबुलेंस किराए पर लेकर सामुदायिक केंद्रों में प्रावधान किया जाएगा। वहीं नगर निगम पंचकूला के लिए 5 फयुनरल वैन उपलब्ध करवाने को भी मंजूरी दी गई।
-हाईकोर्ट के निर्देश पर पंचकूला नगर निगम कुत्ता काटने पर 10 हजार रुपये प्रति दांत के हिसाब से भुगतान करेगा। प्रशासन की कमेटी के मद्देनजर आने वाले मामलों के तहत 2 इंच गहरी चोट के भी पीड़ित को 20 हजार रुपये देने प्रावधान का हाईकोर्ट ने किया है। इस पर हेल्पलाइन नंबर भी जारी करने पर सहमति बनी।
पार्षद गौतम प्रसाद ने सेक्टर 20 की आशियाना कालोनी में बढ़ती चोरियों के बारे सदन में प्रस्ताव रखा कि वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने बेहद जरूरी हैं। इस पर मेयर ने कहा कि कैमरे लगाने की प्रक्रिया जारी है। बैठक में शेष मुद्दों पर भी पार्षदों ने अपनी राय रखी। इसमें झुरीवाला में वन विभाग को जमीन वापस देकर सेक्टर-25 और 26 के बाहर बने ग्रीन बेल्ट को वन भूमि से मुक्त कराकर निगम को सौंपने की मांग की गई। साथ ही यहां निकलने वाले जंगली जानवरों खासतौर पर बंदर के संबंध में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए जाने को स्वीकृति दी गई।
- नगर निगम बुढ़नपुर में श्मशानघाट बनाने, एचएसवीपी की ओर से नाले की दीवार बनाने और सामुदायिक केंद्र बनाने पर भी पार्षद ने अपने विचार रखे। इस पर महापौर कुलभूषण गोयल ने कहा कि श्मशानघाट का निर्माण किया जाएगा। साथ ही बरसाती नाले पर दीवार के निर्माण के लिए एचएसवीपी को निर्देश दिए जाएंगे।