पंचकूला। कहते हैं जीवन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो उम्र भी आड़े नहीं आती। यह साबित कर दिखाया है पंचकूला के 79 वर्षीय जीएस सौंखला ने। उनका 2011 और 2012 में नेशनल और स्टेट में अच्छे प्रदर्शन के कारण ब्राजील के पोर्टो एलेग्रे में 16 से 27 अक्तूबर तक होने वाले 20वें वर्ल्ड मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप के लिएचयन हुआ है।
‘अमर उजाला’ से बातचीत के दौरान जीएस सौखला ने बताया कि वह वर्ल्ड चैंपियनशिप में रिकार्ड बनाने के लिए पंचकूला सेक्टर तीन स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में रोजाना सुबह-शाम चार से पांच घंटे प्रैक्टिस करते हैं। वह तीन बार ट्रिपल जंप में नेशनल और स्टेट रिकार्ड बना चुके हैं। इस बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में ट्रिपल जंप के साथ-साथ 100 मीटर रेस में भी भाग लेगें।
सरकार ने मदद नहीं की, लोेन लेकर जाएंगे खेलने
ब्राजील में होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप में जाने और आने में तकरीबन डेढ़ से पौने दो लाख रुपये का खर्च आएगा। इसके लिए सौंखला मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और स्पोर्ट्स मिनिस्टर से चार बार मिल चुके हैं, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। अब वह लोन लेकर वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने जाएंगे।
उपल्बिधियों पर एक नजर
नेशनल रिकार्ड
- 2013 में 27 जून से 1 जुलाई को बंगलूरू में आयोजित 34वें नेशनल मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप के ट्रिपल जंप 4*400 मीटर और 4*100 मीटर में तीन गोल्ड मेडल।
- 2012 में 23-26 फरवरी को बंगलूरू में आयोजित 33वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप के ट्रिपल जंप 4*400 और 4*100 मीटर में गोल्ड मेडल।
- 2011 के 24-27 फरवरी को चंडीगढ़ में आयोजित 32वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप के ट्रिपल जंप 4*400 और 4*100 मीटर में गोल्ड मेडल हासिल किया।
- 2009 में 19-27 मार्च को हिसार में आयोजित 30वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप के इवेंट ट्रिपल जंप को 8.79 मिनट में पूरा कर नेशनल रिकार्ड बनाकर गोल्ड मेडल जीता।
- 2008 में 23-26 मार्च को गुवाहाटी में आयोजित 29वीं नेशनल मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप के इवेेंट ट्रिपल जंप को 8.74 मिनट में पूरा कर नेशनल रिकार्ड बनाया और गोल्ड मेडल जीता।
स्टेट रिकार्ड
हरियाणा स्टेट मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप के 60, 65, 70, 75 आयु वर्ग में इवेेंट ट्रिपल लांग जंप में स्टेट रिकार्ड।