पंचकूला। भवन विद्यालय और रोटरी क्लब के संयुक्त प्रयास से शनिवार को ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया। कैंप में विद्यालय में पढ़ने वाले सेकेंड क्लास तक के बच्चों के माता-पिता ने भारी संख्या में पहुंच कर रक्तदान किया। माता-पिता रक्तदान कर रहे थे तो उनके बच्चे हौसला बढ़ा रहे थे। करीब 180 लोगों ने अभियान में हिस्सा लेकर जरूरतमंदों के लिए खून दिया।
रोटरी क्लब के प्रेसिडेंट विनोद मल्होत्रा ने बताया कि रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए भवन विद्यालय से इस बारे में विचार-विमर्श किया गया। इस काम में विद्यालय का प्रशासन तैयार भी हो गया और पूरी मदद की। अभिभावकों को बुलाने के पीछे मकसद यह था कि उनके बच्चों में अभी से दिमाग में रक्तदान के लिए एक अच्छा फ्रेम बने, ताकि आगे चलकर वे भी रक्तदान करें। इस मौके पर क्लब के सेक्रेटरी कंवरजीत सिंह, पूर्व प्रेसिडेंट डा. जेके कक्कड़, राजेंद्र सूद, एससी चोपड़ा सहित भवन विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।