पंचकूला। बरवाला के गांव बिल्ला में रविवार शाम एक ढाई साल के बच्चे की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह गड्ढा गवर्नमेंट हाईस्कूल में चल रहे कांस्ट्रक्शन वर्क के लिए खोदा गया था। आनन-फानन में परिजन बच्चे को लेकर पंचकूला सेक्टर-6 जनरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे के बाद गांव वालों ने स्कूल प्रबंधक के खिलाफ रोष जताया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार मजदूरी करने वाले सोमबीर का ढाई साल को बेटा मोहित शाम करीब पांच संदिग्ध हालत में गवर्नमेंट हाईस्कूल में बने गड्ढे में डूबा मिला। सबसे पहले उसके दादा संतराम ने उसे डूबे हुए देखा। गांव वालों के अनुसार मोहित शाम को खेलते हुए गवर्नमेंट हाईस्कूल के पास पहुंच गया। स्कूल में पिछले कुछ महीने से निर्माण कार्य चल रहा है और निर्माण सामग्री को लाने ले जाने के लिए स्कूल की दीवार को तोड़ दिया गया है। दीवार टूटी होने की वजह से मोहित सीधा निर्माण कार्य वाली जगह पहुंच गया। यहां पर पानी स्टोरेज करने के लिए करीब 10 गड्ढे बनाए गए हैं। मोहित गड्ढे के नजदीक पहुंच गया और अचानक उसका पैर फिसलने से उसमें गिर गया। गड्ढा करीब 8 फुट लंबा, 8 फुट चौड़ा, 5 फुट गहरा था और उसमें पानी भरा हुआ था।