पंचकूला। यूनिवर्सिटी की मांग के लिए शहर में अब हस्ताक्षर अभियान शुरू हो गया है। अभियान की शुरुआत सेक्टर-9 स्थित मार्केट से शुरू किया गया। लोगों ने उत्साह के साथ हस्ताक्षर किया और कहा कि प्रदेश सरकार विश्वविद्यालय के लिए इनिशिएटिव लेकर इस दिशा में कदम उठाए। अमर उजाला ने शहर में यूनिवर्सिटी स्थापित किए जाने के लिए एक अभियान चलाया था। अभियान को शहरवासियों ने खुलकर समर्थन किया।
पंचकूला में यह हस्ताक्षर अभियान 20 सितंबर तक चलेगा। इसमें दस हजार लोगों के हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है। फार्म हर सेक्टर, मार्केट, कालेज और गांव में जाएगा। शुक्रवार को सेक्टर नौ में रियल एस्टेट का कारोबार करने वाले अशोक कुमार वर्मा, हरियाणा स्टेट के रिटायर्ड सीनियर सेक्रेटरी मुंशी राम अरोड़ा, एमएल मल्होत्रा व सुभाष पपनेजा ने अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि जब यूनिवर्सिटी के लिए मंत्री और सांसद मुख्यमंत्री से लड़ सकते हैं तो हम क्यों नहीं? उन्होंने फिर से सरकार से मांग उठाई कि यह क्षेत्र एजुकेशन के मामले के लिए काफी पिछड़ा हुआ है। यहां विश्वविद्यालय और हायर एजूकेशन के लिए प्रोफेशनल इंस्टीट्यूट होने चाहिए। उन्होंने अमर उजाला की ओर से पिछले दिनों उठाए गए अभियान की काफी सराहना की। हस्ताक्षर अभियान के फार्म लगभग सभी सेक्टरों और गांवों में बांट दिए गए हैं। हस्ताक्षर होने के बाद यह फार्म मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सौंपे जाएंगे। उन्होंने अपील की है कि हस्ताक्षर अभियान में लोग हिस्सा लें, ताकि अपनी मांग मजबूती से रखी जा सके।