पंचकूला। बिना लाइसेंस के पंचकूला एक्सटेंशन-2 में प्लाट बेचने के आरोप में चंडीगढ़ की ईशान डेवलपर इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में चंडीगढ़ सेक्टर 33 स्थित कंपनी के दफ्तर में मंगलवार को छापेमारी भी की। कंपनी पंचकूला एक्सटेंशन-2 सेक्टर-16 में आईडीआई सिटी प्रोजेक्ट के नाम से अपने प्लाट बेच रही थी, जबकि इस क्षेत्र में अब तक आइडिल्क कंपनी को लाइसेंस नहीं मिला है। पुलिस जांच कर रही है कि कंपनी अब कितने लोगों को प्लाट बेच चुकी है और लोगों से कितना रुपया ले चुकी है।
पंचकूला-बरवाला नेशनल हाईवे-73 के पास पंचकूला एक्सटेंशन के-2 के नाम से नई टाउनशिप बसाई जा रही है। इस टाउनशिप पर कई रियल एस्टेट कंपनियों की नजर है। गांव कामी के इनेलो नेता विजेंदर शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि चंडीगढ़ की डेवलपर कंपनी ईशान अपने ब्राशर में पंचकूला एक्सटेंशन-2 सेक्टर-16 में जो जमीन दर्शाई है, वह जमीन बीड़ फिरोजड़ी की है। यह जमीन मुजाहिरों की है। इस जमीन का मामला न्यायालय में लंबित है। साथ ही कंपनी को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की ओर से कोई लाइसेंस भी नहीं दिया गया है। शिकायत मिलने के बाद एसीपी धीरज सेतिया ने इस मामले की जांच पुलिस की आर्थिक अपराधा शाखा के इंस्पेक्टर धर्मवीर को सौंप दी। आर्थिक अपराध शाखा के इंस्पेक्टर धर्मवीर की रिपोर्ट पर चंडीमंदिर थाना में ईशान इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के मालिक और एजेंटों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 व 120 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। चंडीमंदिर थाने के एसएचओ रमेश चंद ने बताया कि कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस और शिकायतकर्ता बनकर पहुुंचे नकली ग्राहक
शिकायतकर्ता विजेंदर शर्मा और इंस्पेक्टर धर्मवीर फर्जी ग्राहक बनकर कंपनी के एजेंट को मिले और प्लाट दिखाने की बात हुई। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कंपनी का एजेंट धर्मवीर और विजेंदर को लेकर गांव बीड़ फिरोजड़ी की जमीन पर पहुंचा और बोला कि यह कंपनी की जमीन है। एजेंट ने बताया कि इस जमीन पर आप 22 हजार रुपये गज के हिसाब से प्लाट बुक कर सकते हैं। सौदा तय पर नकली ग्राहकों को चंडीगढ़ बुलाया।