स्पोर्ट्स किट के वितरण में धांधली की होगी जांच
बेरी के सवाल पर सीएम ने दिया भरोसा, विधायक ने लगाया था करोड़ों की धांधली का आरोप
प्रश्नकाल -
वित्तमंत्री का आश्वासन, पीयू की जरूरतों पर हमदर्दी से करेंगे विचार
सिद्धू ने उठाया लांडरां में ट्रैफिक समस्या का मुद्दा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सदन को आश्वासन दिया है कि पिछली सरकार के दौरान स्पोर्ट्स किटों के वितरण में कोई धांधली हुई है तो उसकी जांच कराई जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वह प्रश्नकाल के दौरान रजिंदर बेरी के सवाल का जवाब दे रहे थे।
बेरी ने जालंधर सेंट्रल में किन्हें किटें दी गईं और वितरण कमेटी में कौन होता है, इस बारे में पूछा था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि किटों के वितरण में करोड़ों रुपये की धांधली हुई है। सीएम ने कहा कि युवाओं के लिए स्पोर्ट्स किटों के मामले में कोई भी घपला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोई भी गड़बड़ सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। वित्तमंत्री मनप्रीत बादल ने संगत सिंह गिलजियां के सवाल पर बताया कि पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के लिए सात करोड़ का अतिरिक्त बजट पास किया गया है। अगर यूनिवर्सिटी को और जरूरत होगी तो उस पर हमदर्दी से विचार किया जाएगा। पर्यटन मंत्री नवजोत सिद्धू ने कुलजीत नागरा के सवाल पर बताया कि फतेहगढ़ साहिब जिले में कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण की योजना है। इनका काम जल्द ही शुरू होगा। बलबीर सिद्धू ने ट्रैफिक की समस्या उठाते हुए सवाल किया कि मोहाली से लांडरां और लांडरां से थंडरजोन रेलवे ब्रिज तक की सड़क को चौड़ा करने का कोई प्रस्ताव है। जवाब में पीब्ल्यूडी मंत्री रजिया सुल्ताना ने कहा कि प्रस्ताव है, लेकिन मामला अदालत में विचाराधीन है। सिद्धू ने कहा कि गमाडा इस बारे में किसानों से बात करके ज्यादा मुआवजा देकर उन्हें राजी करे। सिद्धू ने नेशनल हेल्थ मिशन में ठेके पर नियुक्त मुलाजिमों के वेतन में असमानता का मुद्दा भी उठाया।