‘गिल को श्रद्धांजलि देकर सिख भावनाओं को आहत किया’
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की आलोचना करते हुए कहा है कि उन्होंने विवादग्रस्त पूर्व डीजीपी केपीएस गिल को विधानसभा में श्रद्धांजलि देकर सिखों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। पार्टी ने कहा कि गिल के कार्यकाल के दौरान पंजाब में मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन हुआ था।
बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि यह हैरानी की बात है कि मुख्यमंत्री और स्पीकर दोनों ने ही सिख भाईचारे की भावनाओं की परवाह न करते हुए विधानसभा में दी जाने वाली श्रद्धांजलि की सूची से पूर्व डीजीपी का नाम नहीं हटाया। उन्होंने कहा कि अकाली दल की ओर से इस बारे में दोनों के पास लिखित मांग पत्र भेजा गया था, लेकिन बुधवार को जब श्रद्धांजलि देने का मौका आया तो अकाली दल को रोषस्वरूप विधानसभा से वाकआउट करना पड़ा। सुखबीर ने कहा कि हम ऐसे सिख विरोधी अफसरों को सम्मानित किए जाने वाली हर कार्रवाई का विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान मारे गए अनेक सिख युवक आज तक लापता की सूची में हैं।