अस्पतालों में खून की कमी, रक्तदान कर कीजिए पूरी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
गर्मियों के दिनों में अकसर रक्त की कमी पड़ती है, जिससे गंभीर मरीजों की जान पर आफत बन जाती है। कालेजों में छुट्टियां और गर्मियां होने के कारण रक्तदान कैंप कम लगते हैं। इससे अस्पतालों में रक्त की कमी होती है। चंडीगढ़ के अस्पतालों में रक्त की कमी को पूरा करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट 14 जून को रक्तदान शिविर आयोजित करने जा रहे हैं।
सेक्टर-17 स्थित ब्रिज मार्केट में लगने वाले कैंप में श्री ओंकार दास मित्तल चैरिटेबल ट्रस्ट, शिव शक्ति सेवा मंडल बुढलाडा, लेदर डेन व रेड क्रॉस अहम सहयोग दे रहे हैं। कैंप का समय सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े चार बजे तक रहेगा।
इस मौके पर पीजीआई स्थित रीजनल आर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट आर्गनाइजेशन (रोटो) की टीम भी मौजूद रहेगी, जो रक्तदानियों को आर्गन डोनेशन के प्रति जागरूक करेगी और उनसे शपथ पत्र भरवाएंगी। यदि रक्तदान से संबंधित कोई जानकारी लेना चाहता है तो मोबाइल नंबर 9872832637, 9646300549 और 9316107036 पर कॉल कर सकते हैं।
डोनेशन करने से पहले करें ये तैयारी
- सुबह पानी जरूर पीएं।
- नाश्ता जरूर करें।
- कोई दवा लेते हैं तो उसे जरूर खाएं और डोनेट से पहले डॉक्टर को बताएं।
- डोनेशन से पहले फॉर्म में पूरी जानकारी भरें।
- 18 से 65 साल की उम्र का कोई भी सेहतमंद व्यक्ति ब्लड दे सकता है।
- 90 दिन पहले ब्लड दिया है तो भी कैंप में आप कर सकते हैं रक्तदान।
रक्तदान के लिए समर्पित है श्री शिव कांवड़ महासंघ
पंचकूला का श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट रक्तदान के लिए पूरी समर्पित है। संस्था ने इस साल 42 कैंप लगाए हैं। डेंगू सीजन में संस्था के सदस्य प्लेटलेट्स डोनेट करते हैं। पिछले साल 24 घंटे के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया था। चंडीगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों में किसी भी व्यक्ति को रक्त की जरूरत पड़ी है तो श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला के भक्त सामने जाते हैं। 1995 से रक्तदान कैंप की शुरुआत करने वाला ट्रस्ट सिर्फ रक्त ही मुहैया नहीं करवाता, बल्कि जगह-जगह जाकर रक्तदान करने के लिए लोगों को प्रेरित भी करता है।
हर रक्तदानी को किया जाएगा सम्मानित
सेक्टर-17 ब्रिज मार्केट में आयोजित रक्तदान शिविर में हर रक्तदानी को संस्थाओं की ओर से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें पीजीआई और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सर्टिफिकेट और स्मृति चिह्न भी दिया जाएगा।
डीसी अजीत बाला जी जोशी बढ़ाएंगे हौंसला
रक्तदान कैंप में मुख्य अतिथि के तौर पर चंडीगढ़ के डीसी अजीत बाला जी जोशी शिरकत करेंगे। इस दौरान वह रक्तदाताओं को सम्मानित करेंगे और उनका हौसला बढ़ाएंगे। अजीत बाला जोशी की पहचान रक्तदान कैंप को प्रोत्साहित करने वाले अफसरों के तौर पर होती है।