शेल्टर हाउस की सुरक्षा में तैनात किए जाएं बीट पुलिस कर्मी
- प्रशासक बदनौर ने अस्थायी नाइट शेल्टर हाउस का लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल और यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने वीरवार को शहर में समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित अस्थायी नाइट शेल्टर हाउस का औचक दौरा किया। इस दौरान प्रशासक ने प्रशासन से इन रैन बसेरों में उचित सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जारी शीत लहर को ध्यान में रखते हुए इन रैन बसेरों में अत्यधिक ठंड से राहत प्रदान करने के लिए सभी बुनियादी वस्तुओं को उपलब्ध कराने की आवश्यकता थी। उन्होंने इन रैन बसेरों के सुचारु संचालन के लिए चंडीगढ़ पुलिस विशेषकर बीट पुलिस कर्मियों को शामिल करने पर जोर दिया।
समाज कल्याण विभाग ने बेघरों और जरूरतमंदों को रात के समय सोने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर नाइट शेल्टर स्थापित किए हैं। यहां पर बिस्तर, वाटर फैसिलिटी, मेडिकल फैसिलिटी, 24 घंटे सिक्योरिटी गार्ड, लाइटिंग आदि की सुविधा उपलब्ध है।