युवक की चाकुओं से हत्या में नाबालिग समेत दो दबोचे
- तीसरे आरोपी के खिलाफ फिलहाल पुलिस कर रही जांच
- जुवेनाइल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेजा
- सोमी को रविवार को किया जाएगा ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष में पेश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-25 में अमन की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के मामले में थाना पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। दूसरे आरोपी की पहचान सेक्टर-25 निवासी सोमी के तौर पर हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि नाबालिग ने ही अमन के पेट में चाकू मारकर हत्या की। वारदात के समय सोमी भी उसके साथ था। पुलिस ने नाबालिग को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। पुलिस सोमी को रविवार को जिला अदालत में पेश कर उसका रिमांड हासिल करेगी। वहीं, थाना पुलिस तीसरे आरोपी तरसेम की वारदात में भूमिका को लेकर जांच कर रही है।
सेक्टर-11 थाना एसएचओ लखबीर सिंह के अनुसार सेक्टर-25 निवासी सन्नी और तरसेम में वारदात से एक दिन पहले सेक्टर-37 के पेट्रोल पंप पर पहले तेल भरवाने को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद से तरसेम सन्नी को तलाश कर रहा था। शुक्रवार शाम को सन्नी जीजा अमन को घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान नाबालिग और सोमी ने अन्य साथियों समेत मिलकर दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया।
वहीं घायल सन्नी ने आरोप लगाया कि तरसेम ने उससे बदला लेने के लिए सोमी और नाबलिग को तैयार किया था। शुक्रवार रात को जब वह जीजा अमन के साथ घर जा रहा था तो तरसेम, सोमी, नाबालिग समेत अन्य हमलावर उस पर चाकू से हमला कर फरार हो गए।
पुलिस ने घायल सन्नी और अमन को जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया था। हमले में घायल सन्नी ने आरोप लगाया था कि वारदात के समय तरसेम, सोमी, नाबालिग समेत पांच युवक थे। वहीं, अमन की मौत के बाद परिजनों ने जीएमएसएच-16 अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया था। मौके पर रिजर्व फोर्स बुलानी पड़ी थी। इसके अलावा एसएसपी निलांबरी विजय जगदले ने भी मौके पर पहुंचकर खुद मोर्चा संभाला था।
बाक्स
पोस्टमार्टम के समय अस्पताल में मौजूद रही पुलिस फोर्स
शनिवार को पुलिस ने अमन का जीएमएसएच-16 अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के समय अस्पताल में काफी पुलिस फोर्स मौजूद रही। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद शाम को ही अमन का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, मृतक की मां गीता देवी ने आरोप लगाया कि उसके बेटे की हत्या तरसेम ने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उसे बचाना चाहती है। उनका कहना था कि अगर पुलिस तरसेम को गिरफ्तार नहीं करेगी तो वह लोग सड़क पर उतर कर जाम लगाएंगे। वहीं, अन्य परिजन भी शनिवार को तरसेम की गिरफ्तारी पर अड़े रहे।
जांच अधिकारी बदला
अमन के परिजनों ने शनिवार को आरोप लगाया कि सेक्टर-24 चौकी इंचार्ज रोहताश के साथ हत्या के आरोपी तरसेम के अच्छे संबंध हैं। इसी के चलते चौकी इंचार्ज मुख्य आरोपी को बचा रही है। वहीं, पुलिस ने भी रोहताश की जगह सब इंस्पेक्टर हरीओम को जांच अधिकारी बनाया है। सब इंस्पेक्टर हरीओम ने ही शनिवार को अस्पताल में पहुंचकर सारी कार्रवाई की।