एक अप्रैल से शहर में बढ़ेंगे बिजली के दाम
- घरेलू बिजली 20 पैसे और व्यवसायिक 15 पैसे महंगी
- बिजली के दाम बढ़ाकर दिया उपभोक्ताओं को झटका
- 190 करोड़ रुपये के घाटे से जूझ रहा बिजली विभाग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
एक अप्रैल से शहर में बिजली के दाम बढ़ेंगे। यूटी प्रशासन के बिजली विभाग ने ज्वाइंट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमिशन (जेईआरसी) को 20 प्रतिशत तक बिजली के दाम बढ़ाए जाने को लेकर प्रस्ताव भेजा था। जेईआरसी ने बिजली के दाम में मामूली बढ़ोतरी की है। जेईआरसी ने घरेलू बिजली में 20 पैसे और व्यवसायिक बिजली में 15 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से बढ़ोतरी की है।
बिजली विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर एमपी सिंह ने बताया कि घरेलू में 4 प्रतिशत और कॉमर्शियल में 3.5 प्रतिशत तक बिजली महंगी हुई है, जबकि औद्योगिक क्षेत्र में 65 पैसे प्रति यूनिट तक बिजली सस्ती की गई है। जेईआरसी ने जो आर्डर जारी किए हैं, वे एक अप्रैल 2018 से लागू होंगे।
बिजली विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर एमपी सिंह ने बताया कि विभाग 190 करोड़ रुपये के घाटे से जूझ रहा है। इसे पूरा करने के लिए बिजली के दाम बढ़ाने को लेकर जेईआरसी को प्रस्ताव भेजा गया था। जेईआरसी ने बिजली के दाम में मामूली बढ़ोतरी की है। इससे पहले बिजली विभाग ने करीब 480 करोड़ रुपये के घाटे को पूरा करने के लिए बिजली के दाम बढ़ाए थे।
बिजली के बिल पर लगेगा 5 प्रतिशत सरचार्ज
जेईआरसी के आदेश के मुताबिक एक अप्रैल से बिजली उपभोक्ताओं को बिल पर 5 प्रतिशत सरचार्ज भी देना पड़ेगा। अगर किसी बिजली उपभोक्ता का बिल एक हजार रुपये आया है, तो उसे अपने बिल पर 5 प्रतिशत सरचार्ज के हिसाब से 1050 रुपये देने पड़ेंगे।
बॉक्स-
घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट
यूनिट अभी के रेट 1 अप्रैल 2018 से होंगे ये रेट
0-150 2.55 रुपये 2.75 रुपये
151-400 4.80 रुपये 4.80 रुपये
400 से ऊपर 5 रुपये 5.20 रुपये
व्यवसायिक उपभोक्ताओं के लिए (सिंगल फेज) प्रति यूनिट
यूनिट अभी के रेट 1 अप्रैल 2018 से होंगे ये रेट
0-150 5 रुपये 5 रुपये
151-400 5.20 रुपये 5.30 रुपये
400 से उपर 5.45 रुपये 5.60 रुपये
व्यवसायिक उपभोक्ताओं के लिए (तीन फेज) प्रति यूनिट
यूनिट अभी के रेट 1 अप्रैल 2018 से होंगे ये रेट
0-150 5 रुपये 5 रुपये
151-400 5.20 रुपये 5.30 रुपये
400 से उपर 5.45 रुपये 5.60 रुपये
औद्योगिक क्षेत्र प्रति यूनिट
यूनिट अभी के रेट 1 अप्रैल 2018 से होंगे ये रेट
0-150 5.65 रुपये 5.00 रुपये
151-400 5.35 रुपये 4.70 रुपये
400 से उपर 5.30 रुपये 4.80 रुपये