अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
एनडीपीएस केस का एक आरोपी पुलिस का सुरक्षा घेरा तोड़कर भाग गया। आरोपी उस समय भागा जब पुलिस उसे थाने लेकर आ रही थी। आरोपी की पहचान कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मटौर थाने की पुलिस ने एनडीपीएस केस के तहत सेक्टर-56 निवासी कृष्ण कुमार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को फेज-3ए खालसा कॉलेज से काबू किया था। पुलिस ने उसके पास से नौ ग्राम हेरोइन बरामद की थी। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह चंडीगढ़ से हेरोइन खरीदकर लाता था। इसका असली कारोबारी सेक्टर-38 डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी मुकेश है। जो कि काफी समय से इस कारोबार में लगा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेेही पर सेक्टर-38 चंडीगढ़ से मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान जब पुलिस आरोपी मुकेश और कृष्ण को लेकर मोहाली के पास पहुंची तो आरोपी कृष्ण ने पुलिस से कहा कि उसे पेशाब आया है। इसके बाद पुलिस ने उसे पेशाब जाने दिया। इस बीच आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी चंडीगढ़ की तरफ भाग है। पुलिस ने आरोपी पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।