संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। जिले में कोरोना अपने चरम की तरफ बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 81 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर होने के कारण उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग सतर्क है, सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को इस बारे में सजग रहने और कोविड गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश जारी किए गए हैं। निजी अस्पतालों को भी ऑक्सीजन और बेड की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को 401 लोगों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे थे। इनमें से 81 में संक्रमण की पुष्टी हुई है। वहीं शुक्रवार को विभाग ने 736 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इन सैंपल की रिपोर्ट शनिवार को आएगी। जिले में अब तक 48692 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 48119 स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 421 लोगों की मौत भी हो चुकी है। अब तक कुल 688230 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिले में 152 पहुंची एक्टिव केसों की संख्या
शुक्रवार को भारी संख्या में मिले संक्रमितों के बाद अब जिले में एक्टिव केसों की संख्या 152 हो गई है। इनमें से 149 लोग अपने घर पर ही आईसोलेट हैं और उपचार ले रहे हैं, वहीं तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक संक्रमित पहले से ही भर्ती था, वहीं दो शुक्रवार को भर्ती कराए गए हैं। लगातार बढ़ रही संक्रमण दर को देखते हुए सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल की सीएमओ और पीएमओ ने भी जिले में कोविड को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ऑक्सीजन और बेड की स्थिति जानी।
कोविड को लेकर स्थिति सामान्य
पंचकूला। उपायुक्त महावीर कौशिक का कहना है कि जिले में कोविड को लेकर स्थिति सामान्य है। लोगों को किसी भी प्रकार से घबराने की आवश्यकता नहीं है, लोग सतर्क रहें और सावधानियां बरतें। महावीर कौशिक शुक्रवार को लघु सचिवालय में कोविड की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे कोविड के बचाव के लिए उचित व्यवहार का पालन करें। जहां तक संभव हो भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। अस्पताल, धार्मिक स्थलों और 100 या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर मास्क का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि बुखार या फ्लू के लक्षण होने पर अस्पताल जाकर जांच अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल और 11 अप्रैल को जिला के नागरिक अस्पताल और उपमंडल अस्पताल कालका के साथ-साथ निजी अस्पतालों में माॅक ड्रिल आयोजित की जाएगी। जिसमें कोविड से निपटने के लिए अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता, पीएसए प्लांट, कोविड बेड्स, वेंटिलेटर्स इत्यादि स्वास्थ्य उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच की जाएगी।