पंचकूला। वार्ड नंबर-16 के गांव बीड घग्गर स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विश्वास फाउंडेशन ने भाजपा पार्षद राकेश वाल्मीकि की टीम के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए 79 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर के आयोजन में अमर उजाला फाउंडेशन और इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी डिस्ट्रिक्ट ब्रांच पंचकूला ने अहम भूमिका निभाई। शिविर सुबह 10 बजे शुरू हुआ और 4 बजे तक चला। शिविर में मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग व सेनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा गया। रक्त ब्लड बैंक सिविल अस्पताल सेक्टर-6 की टीम ने डॉक्टर मनोज त्यागी की देखरेख में एकत्रित किया। इसके साथ एक्सकेल ईएनटी सेंटर, वीआईपी रोड जीरकपुर से डॉक्टर लवकेश मित्तल द्वारा निशुल्क कान, नाक व गले का चेकअप कैंप भी लगाया गया। इसमें 40 लोगों की जांच की गई। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि शिविर का उद्घाटन मेयर कुलभूषण गोयल ने किया, जबकि विशेष अतिथि के तौर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय शर्मा पहुंचे। इस अवसर पर उनके सहयोगी महामंत्री वीरेंद्र राणा, करनाल जिला के प्रभारी दीपक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र मलिक, मां चंडी मंडल के अध्यक्ष संदीप यादव मौजूद रहे।
बीड घग्गर के भाजपा कार्यकर्ता डॉक्टर सतीश, भूपेंद्र सिंह, किशोर पंच, गुरचरण जी, रिंकू, हनी सिंह, अजय कुमार, भोपाल और अन्य बहुत से कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर में युवाओं सहित महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर रक्तदान किया। मेयर कुलभूषण गोयल और अजय शर्मा ने कहा कि रक्तदान महादान है और रक्त का कोई विकल्प नहीं है और न ही इसे कृत्रिम तरीके से बनाया जा सकता। यह प्रसन्नता का विषय है कि आज हमारी बेटियां भी रक्तदान के मामले में लड़कों से पीछे नहीं हैं और स्वयं आगे आकर रक्तदान कर रही हैं। बल्कि सभी को 90 दिन अथवा तीन महीने में एक बार अवश्य ही रक्तदान करना चाहिए। शिविर की समाप्ति पर सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, मास्क, साबुन व गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से प्रदूमन बरेजा, पूनम बरेजा, श्याम सुंदर साहनी, सविता साहनी, विकास कालिया व अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।