आउट ऑफ सिलेबस सवाल देख परेशान हुए छात्र
सीबीएसई की 10वीं कक्षा का अंग्रेजी पेपर था शनिवार को
- एक्सपर्ट्स बोले, राइटिंग एंड ग्रामर में आर्टिकल आउट ऑफ सिलेबस
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सीबीएसई की शनिवार को हुए 10वीं के अंग्रेजी के पेपर में एक प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस आने की वजह से छात्र काफी परेशान हुए। परीक्षा देकर निकले छात्रों ने कहा कि पेपर तो औसत था, लेकिन राइटिंग सेक्शन (बी) को कठिन बताया। कुछ छात्रों ने बताया कि उन्हें आर्टिकल राइटिंग से सवाल पूछे गए जो सिलेबस से बाहर के थे। वहीं अनसीन पैसेज कठिन और लंबे थे जबकि लिटरेचर सेक्शन आसान था।
छात्रों ने बताया कि क्वेश्चन पेपर लंबा था और राइटिंग सेक्शन कठिन था तो वहीं कुछ छात्र पेपर से खुश थे और इसे आसान बताया। जब आउट ऑफ सिलेबस प्रश्न के बारे में पूछा गया तो कुछ छात्र ज्यादा परेशान नहीं दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि उन्हें पढ़ाया गया है और प्रश्न में भी हिंट दिए गए थे, इसलिए ज्यादा मुश्किल नहीं लगा। दूसरी ओर प्रश्न पत्र के हिसाब से शिक्षकों का ओपिनियन भी अलग-अलग था। कुछ शिक्षकों ने बताया कि आर्टिकल राइटिंग पाठ्यक्रम से बाहर था जबकि अन्य शिक्षक क्वेश्चन पेपर के स्तर से खुश थे। शहर के परीक्षा केंद्रों पर यह पेपर सुबह 10.30 बजे शुरू हो गया और दोपहर 1.30 बजे तक चला था। छात्रों को सुबह 10 बजे सेे पहले ही परीक्षा केन्द्र पहुंचना था सुबह 10.15 बजे छात्रों को पढ़ने के लिए क्वेश्चन पेपर बांट दिए गए थे।
कोट्स---
आउट ऑफ सिलेबस था आर्टिकल राइटिंग
आर्टिकल राइटिंग आउट ऑफ सिलेबस था, लेकिन प्रश्न में हिंट दिए गए थे जिसकी मदद से स्टूडेंट्स प्रश्न को अटेंप्ट कर सकते थे। ओवर ऑल पेपर ठीक था। स्टूडेंट्स खुश हैं, अभी तक उनके सारे पेपर अच्छे हुए हैं। अच्छे परिणामों की उम्मीद है। - योगिता खन्ना, अंग्रेजी टीचर