ड्रॉ के विरोध वेंडरों ने किया हंगामा
पुलिस से हुई तीखी नोक-झोंक
- अविनाश शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों वेंडरों ने निगम कार्यालय के सामने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शहर के विभिन्न सेक्टरों से वेंडरों को हटाए जाने के विरोध में शनिवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया गया है। यह विरोध प्रदर्शन चंडीगढ़ की आवाज पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी अविनाश सिंह शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों वेंडरों ने किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी निगम कार्यालय में जबरन प्रवेश करने की कोशिश करने लगे तो पुलिस के उनकी तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों को उग्र होता देख निगम परिसर के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी फर्जी टाउन वेंडिंग कमेटी को रद्द करने की मांग एवं टाउन वेंडरों को टाउन वेंडिंग कमेटी में मत के अधिकार को लेकर घंटों विरोध प्रदर्शन करते रहे।
अविनाश शर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय भारत के आदेश से बने टाउन वेंडर प्रोटेक्शन एक्ट के निर्माण में चंडीगढ़ नगर निगम ने अवमानना की है। उन्होंने कहा कि निगम लोगों की सुरक्षा के नाम पर फर्जी टाउन वेंडिंग कमेटी बनाकर हजारों टाउन वेंडरों का शोषण कर रहा है। नगर निगम अपनी जवाबदेही से बचने के लिए शोरूम, बूथ, सेक्टरों के फ्लैट और मकान धारकों व स्ट्रीट वेंडर को आपस में लड़ाने का काम कर रहा है।