आठ दिन में डेंगू के 30 नए मरीज
चंडीगढ़ में डेंगू के रोजाना चार से तीन केस
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अक्तूबर महीने में डेंगू का प्रकोप बढ़ गया है। आठ दिन के भीतर डेंगू के 30 नए मरीज सामने आए हैं। अचानक बढ़े डेंगू के केस के बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि इस महीने दिन का तापमान ज्यादा होता है और रात का कम, जो डेंगू के लिए अनुकूल है। वीरवार को हुई बारिश ने आग में घी डालने का काम किया है। बारिश से फिर से जगह-जगह पानी भर गया है। इससे लारवा पनपने का खतरा फिर से बढ़ा है। ऐसे में लोगों को पहले से ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है। पिछले साल अक्तूबर के महीने में डेंगू के कुल 746 केस सामने आए थे। इस साल भी अक्तूबर शुरू होते ही रोजाना डेंगू के तीन से चार मरीज सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जुटाए गए आंकड़ों के मुताबिक 5 अक्तूबर को तीन, छह को चार, सात को तीन, आठ को चार, नौ को तीन, दस को चार, 11 को पांच और 12 को चार डेंगू के नए मरीज आए।
ऐसे करें बचाव
- अपने घर का सर्वे करें और जमा पानी को हटाएं।
- खुद व बच्चों को पूरे बाजू के कपड़े पहनें।
- गमले के नीचे रखे पानी को बदलते रहें।
- पक्षियों के लिए रखे गए कसोरे का पानी भी बदलें।
- बुखार आने पर तुरंत डाक्टर से संपर्क करें।
करीब पौने पांच लाख परिवारों के घर जाकर की जांच की गई
यह पहली बार है कि मलेरिया विभाग की फील्ड टीम ने चार लाख 77 हजार परिवारों में जाकर लार्वा की जांच की। इस दौरान एक लाख 84 हजार कूलरों की जांच की गई, जिनमें से 13 हजार 733 कूलरों से लार्वा मिले। करीब 55 हजार टायरों की जांच हुई, जिनमें करीब 1400 टायरों से लार्वा मिले। वहीं, छह लाख 32 हजार 678 कंटेनर में से छह हजार 315 कंटेनर से लार्वा मिले। करीब ढाई लाख से ज्यादा ओवरहेड टैंक की जांच हुई, जिनमें 1839 टैंक से लार्वा मिले।
इस बार तीन गुना ज्यादा नोटिस
मलेरिया विभाग ने इस बार सख्ती भी की है। करीब 11 हजार घरों को नोटिस भेजा गया। 22 चालान काटे गए, जबकि 59 को शोकॉज नोटिस जारी किया गया। पिछली बार सिर्फ तीन हजार घरों को नोटिस भेजा गया था। अधिकारियों ने बताया कि सख्ती की वजह से ही इस केसेज भी कम आए हैं। इस समय तक पिछले साल करीब 800 केसेज आ चुके थे, जबकि इस बार सिर्फ 113 आए हैं।