बम निरोधक दस्ते ने शिवसेना नेता का घर खंगाला
आतंकी हमले की आशंका के चलते खोजी कुत्ते के साथ कार्यालय की भी चेकिंग की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
गणतंत्र दिवस और आतंकी हमले की आशंका के चलते गुरुवार को दोबारा शिवसेना बाल ठाकरे के राज्य उपप्रमुख हरविंदर सोनी के निवास और उनके कार्यालय पर बम निरोधक दस्ते ने चेकिंग की। इस बार खोजी कुत्ते का सहारा लेकर भी चप्पे-चप्पे की चेकिंग की गई।
हरविंदर सोनी ने बताया कि बुधवार की सुबह जब वह सैर करने अपने घर के बाहर निकले तो बम निरोधक दस्ते ने खोजी कुत्ते के साथ उनके घर के अंदर और आसपास चेकिंग शुरू कर दी। इससे परिवार व पड़ोसी एकदम सकते में आ गए। बम निरोधक दस्ते की चेकिंग में किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। दुबारा चेकिंग से आशंका है कि पुलिस प्रशासन को उन पर दोबारा हमला होने का इनपुट मिला है। जिसके चलते बम से हमला होने की शंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सोनी ने बताया कि कुछ घंटों के बाद 5वीं कमांडो बटालियन के कमांडेंट जसप्रीत सिंह खैरा उनके निवास पर आए और सभी सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट रह कर ड्यूटी के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के हथियार भी चेक किए। इसके अतिरिक्त सोनी ने शहर से बाहर जाने से पहले पुलिस को सूचित करने के भी निर्देश दिए। सोनी ने कहा कि उन्होंने खतरा देखते हुए डीजीपी से उनके व परिवार के लिए उच्चस्तरीय सुरक्षा उपलब्ध कराने और अनफिट सुरक्षा कर्मियों को भी बदलने की मांग की है। सोनी पर 12 अप्रैल 2015 को आतंकी कश्मीर सिंह, इंदरपाल सिंह व गुरजीत सिंह ने हमला किया था। इसकेबाद कश्मीर सिंह नाभा जेल से आतंकी खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स के हरमिंदर मिंटू और कुख्यात गैंगस्टर विक्की गोंडर के साथ जेल तोड़कर भाग गया था।