पोलैंड, कजाकिस्तान की तकनीक पर बनेगा सॉलिड वेस्ट प्लांट
- हरियाणा की निकाय मंत्री कविता जैन तकनीक को देखने के लिए करेंगी दोनों देशों का दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन सोमवार को सात दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना हो रही हैं। उनकी अगुवाई में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पोलैंड और कजाकिस्तान में ठोस कचरा अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया का अवलोकन करेगा, ताकि सोनीपत कलस्टर में ठोस कचरे का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रवक्ता राजीव जैन ने बताया कि सोनीपत के मुरथल में 176 करोड़ रुपये की लागत से ठोस कचरा अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिसमें ठोस कचरे से ऊर्जा, खाद, बायोगैस बनाकर उसका उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरे में पोलैंड व कजाकिस्तान में कंपनी के प्लांटों का दौरा करते हुए पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि सोनीपत कलस्टर प्लांट में नगर निगम सोनीपत, नगर निगम पानीपत, नगर पालिका गन्नौर तथा नगर पालिका समालखा क्षेत्र में घर-घर से कचरा उठान, प्लांट पर छंटाई तथा इसके बाद ठोस कचरे से ऊर्जा, गीले कचरे से खाद, होटल कचरा से बायोगैस तथा गोबर से बायोगैस तैयार करके इसका उपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा।