600 करोड़ से स्थापित होगा रेल कोच नवीकरण कारखाना
- सोनीपत के बारही में की जाएगी स्थापना, मुख्यमंत्री ने दी प्रस्ताव को मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा के सोनीपत जिला की औद्योगिक संपदा बारही में करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से रेल कोच नवीकरण व पुनर्वास कारखाना लगाया जाएगा। परियोजना की स्थापना से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप में अनेक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही आर्थिक विकास को और अधिक गति मिलेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। केंद्रीय रेल मंत्रालय और हरियाणा राज्य औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआईआईडीसी) के बीच जल्द इसे लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. राजा शेखर वुंदरू ने बताया कि इस परियोजना की स्थापना के लिए केंद्रीय रेल मंत्रालय को पट्टा आधार पर 161.48 एकड़ भूमि का आवंटन करने की सैद्धांतिक सहमति दे दी गई है।
वर्ष 2016 में हैपनिंग हरियाणा समिट के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री ने हरियाणा के जिला सोनीपत में रेल कोच नवीकरण व पुनर्वास कारखाने की स्थापना करने की घोषणा की थी। कारखाने में 500 से 700 कोच का प्रतिवर्ष का नवीनीकरण होगा। रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम हरियाणा सरकार के अधिकारियों के साथ परियोजना के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए हाल ही में मिल चुकी है।