संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गृह मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से ऑनलाइन दोस्ती करके 70 लाख रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित व उसके भाई को गृह मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की। आरोपी ने खुद को गृह मंत्रालय का बड़ा अधिकारी बताया था। साइबर थाना बल्लभगढ़ ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-8 निवासी मोहित ने बताया कि फेसबुक पर यश बंसल नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। करीब एक साल पहले दोस्ती हुई। जिसके बाद दोनों में फोन व चेट के जरिए बातचीत शुरू हो गई। इस दौरान आरोपी ने बताया कि वह गृह मंत्रालय में उच्च पद पर कार्यरत है। उसने कुछ फोटो व गृहमंत्रायल की आईडी भेजे। जिसके बाद उसे विश्वास हो गया। पीड़ित ने अपनी व अपने भाई की नौकरी लगवाने की बात करनी शुरू कर दी। नौकरी के लिए आरोपी ने दोनों के दस्तावेज मंगवाए। जिसके बाद उससे पैसे की डिमांड शुरू की। विभिन्न तरीकों से दोनों की नौकरी लगवाने के लिए 70 लाख रुपये आरोपी को दिए। सारे पैसे ऑनलाइन ही ट्रांसफर किए। एक साल बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगने पर उनको शक हुआ। थाना साइबर सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-
बैंक में नौकरी के नाम पर युवती से 41 हजार रुपये ठगे
नहरपार निवासी दीक्षा भाटिया ने बताया कि एक पोर्टल पर रिज्यूम अपलोड किया। जिसके बाद एचआर बनकर एक व्यक्ति ने फोन किया और उनसे 2550 रुपये रिज्यूम फीस के नाम पर ले लिए। उसके बाद उनके पास दूसरे व्यक्ति ने एक्सिस बैंक का एचआर मैनेजर बनकर फोन आया कि एक्सिस बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर नियुक्ति कर दी है। 14 हजार रुपये दस्तावेज वेरिफिकेशन के नाम पर ले लिए। उसके बाद तीसरे व्यक्ति ने एक्सिस बैंक का सीनियर मैनेजर बनकर फोन किया और उनसे बांड के नाम पर 25 हजार रुपये ले लिए। तीसरे व्यक्ति ने बैंक विजिट करने के लिए 35 हजार रुपये देने को कहा। जिसके बाद उन्हें शक हुआ और उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दी। आरोपियों ने करीब 41 हजार रुपये ठग लिए। एएसआई मनोज ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसमें चित्रकूट (एमपी) निवासी अजय कुमार सिंह और मथुरा (यूपी) निवासी दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।