पंचकूला। जिले में कोरोना के ग्राफ में वृद्धि होने लगी है। वीरवार को 65 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। नौ दिन में कोरोना के 458 मामले सामने आ चुके हैं। 65 मामलों में से 39 मरीज पंचकूला के हैं, जिसमें 21 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 39 मरीज दूसरे जिले और राज्यों से हैं। आज तक जिले में कोरोना से 149 लोगों की मौत हो चुकी है।
जिले में कोरोना संक्रमण का रिकवरी रेट अब गिरकर 95.71 फीसदी पर आ चुका है। वीरवार को सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिन मरीजों में संक्रमण पाया गया है उनको आइसोलेट किया गया है। उसके साथ ही उनके संपर्क में आने वालों को भी चिह्नित किया जा रहा है। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जाने वाले टेस्ट की संख्या करीब एक हजार तक कर दी गई है। प्रयास यह किया जा रहा है कि बची आबादी को जल्द से जल्द कवर किया जा सके।
सीएमओ ने बताया कि भागवाली, एमडीसी-4, एमडीसी-5, पिंजौर, रायपुररानी, समलेहड़ी, सेक्टर-11, सेक्टर-12, सेक्टर-12 ए, सेक्टर-15, सेक्टर-20, सेक्टर-21, सेक्टर-25, सेक्टर-26, सेक्टर-27, सेक्टर-4, सेक्टर-6, सेक्टर-8, सेक्टर-9 में संक्रमित मिले हैं। जिला उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि पंचकूला में अब तक कुल 191038 सैंपल गए लिए हैं। अब तक 14645 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें पंचकूला के 11194 पॉजिटिव मामले शामिल हैं। इनमें से अब तक 10714 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। पंचकूला में संक्रमण के 331 मामले बचे हैं।