संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। बरवाला में एक व्यक्ति का डेबिट कार्ड बदलकर 62 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एटीएम रूम में खड़े एक व्यक्ति ने उसका कार्ड बदलकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खटौली निवासी मलकीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने 1 अगस्त की शाम 6:30 बजे बरवाला स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 500 रुपये निकाले थे। वह एटीएम रूम से बाहर जाने लगा तो उनके पीछे पहले से खड़े व्यक्ति ने कहा कि आपकी ट्रांजेक्शन अभी कैंसिल नहीं हुई है। उसने दोबारा एटीएम में कार्ड डालने को कहा। इस दौरान आरोपी ने उसका कार्ड बदल लिया और वहां से चला गया। 12 अगस्त को शिकायतकर्ता एटीएम से पैसे निकालने के लिए गया तो पैसे नहीं निकले। तब उसे धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद बैंक जाने पर देखा कि कि उसे खाते से किसी ने 3 अगस्त को 62,565 रुपये निकाल लिए हैं।