चंडीगढ़। तुझसे नाराज नहीं जिंदगी हैरान हूं मैं, हो हैरान हूं मैं,
तेरे मासूम सवालों से परेशान हूं मैं, हो परेशान हूं मैं...
जैसे ही टैगोर थियेटर में युवा गायकों ने यह गीत पेश किया, एक समा बंध गया। शनिवार को टैगोर थियेटर में दर्शकों के लिए बॉलीवुड के पुराने गीतों की महफिल सजी। बसंत गिरिजा श्री सोसायटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ट्राइसिटी के युवा गायकों ने मशहूर गायक मुकेश, लता मंगेशकर और आशा भोंसले के हिट गीत पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर मोहब्बतें गर्ल एवं बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति झिंगयानी मुख्य मेहमान थीं।
कार्यक्रम के दौरान लता मंगेशकर के मशहूर गीत आपकी नजरों ने समझा प्यार के काबिल मुुझे.. गाकर गायकों ने महफिल सजा दी। इसके बाद उन्होंने मुगल ए आजम फिल्म के हिट गीत प्यार किया तो डरना क्या जब.. गाकर सुनाया। इसके बाद ये जिंदगी उसी की है, जो किसी का हो गया.. गाकर गायकों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
हर गीत पर मुस्कुराती नजर आईं प्रीति झंगियानी
बॉलीवुड एक्ट्रेेस प्रीति झंगियानी ने इन पुराने गीतों को नई आवाज संग बेहद पंसद किया। वे युवा गायक- गायिकाओं का हौसला भी बढ़ाती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने दर्शकों से कहा कि शहर में आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा और वे यहां की खूबसूरती की फैन हो गई। यह शहर बेहद प्लान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वे अपने करियर से संतुष्ट हैं और जल्द वे किसी नए प्रोजेक्ट में नजर आएंगी।