नैतिक आधार पर सांसद किरण खेर दें इस्तीफा : कांग्रेस
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने की कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेंस
कहा, कांग्रेस आज ब्लाक स्तर पर धरना प्रदर्शन करेगी
अमर उजाला ब्यूरो।
चंडीगढ़। कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को सेक्टर-35 के कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता कर नैतिक आधार पर सांसद किरण खेर से इस्तीफा मांगा है। कांग्रेस ने मांग की है कि सांसद के राजनीतिक सलाहकार सहदेव सलारिया को चंडीगढ़ पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करे। कांग्रेस ने जांच में ढीला रवैया अपनाने और बीजेपी के नेताओं को बचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने कहा कि पुलिस सलारिया का नाम एफआईआर में दर्ज करे क्योंकि जिस पार्टी में गोली चली उसके आयोजक वही थे।
पत्रकारों से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि इस पूरे मामले पर निष्पक्ष जांच हो। बीजेपी के शासन में चंडीगढ़ की कानून व्यवस्था बदतर हो गई है। बीजेपी में अपराधी हावी हैं। शहर में सरेआम गोली चलना एक गंभीर घटना है। इस गोलीकांड के दौरान बीजेपी के कई नेता मौजूद थे और पुलिस महकमा सबको बचाने में लगा है।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि सलारिया को बचाने के लिए चंडीगढ़ पुलिस पूरा जोर लगा रही है और इसी के खिलाफ कांग्रेस शनिवार को ब्लाक स्तर पर धरना प्रदर्शन करेगी। छाबड़ा ने कहा कि जब तक सलारिया गिरफ्तार नहीं होते तब तक कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।
बीजेपी ने अपनी पार्टी में अपराधी प्रवृति के छवि वाले लोगों की फौज भर रखी है और इसके जिम्मेदार सांसद किरण खेर और पार्टी अध्यक्ष संजय टंडन हैं। छाबड़ा ने कहा कि इस गोलीकांड की घटना की जिम्मेदारी से न टंडन भाग सकते हैं और न ही खेर। छाबड़ा ने कहा कि सलारिया सांसद खेर के सबसे करीबी नेता हैं जो एबीवीपी और संगठन के साथ साथ सरकारी कामकाज भी देखते हैं इसलिए सांसद को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए ।
प्रेसवार्ता में सुभाष चावला, भूपिंदर सिंह बडहेड़ी, जतिंदर भाटिया, दविंदर बबला, मोहम्मद सादिक, एचएस लकी, संदीप भारद्वाज, शीला देवी, विनोद शर्मा, गुरप्रीत सिंह हैप्पी, अजय जोशी, हरमेल केसरी, रविंदर कौर उपस्थित थे।