पीजीआई की नर्स सहित तीन को डेंगू
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू भी तेजी से बढ़ने लगा है। सोमवार को पीजीआई की नर्स सहित तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। तीनों एक ही परिवार के सदस्य हैं। स्वास्थ्य विभाग ने परिवार की निगरानी शुरू कर दी है। वहां जाकर आसपास के छिड़काव कर दिया है। इन केसों को मिलाकर जनवरी से लेकर अब तक डेंगू के कुल 20 केस दर्ज किए जा चुके हैं। मानसूनी बारिश के बाद से डेंगू का खतरा बढ़ गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात भी जारी की है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि डेंगू से पीड़ित नर्स की उम्र 31 साल है। पीड़ितों में शामिल अन्य सदस्यों में 14 साल का किशोर और 22 साल की एक युवती शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रुक-रुक हो बारिश से डेंगू के लारवा मिलने के चांस बढ़े हैं। इसलिए लोगों को चाहिए कि वे कूलर को पूरी तरह से खाली कर दें। हर हफ्ते उसे अच्छी तरह से साफ करें। कहीं भी बारिश का पानी न जमा होने दें। अभी सात से आठ दिन में डेंगू का लारवा पनप रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक मलेरिया के 28, डेंगू के 20 और चिकनगुनिया के 66 मरीज आ चुके हैं।
स्वाइन फ्लू के मरीज की हालत गंभीर
पीजीआई में दाखिल स्वाइन फ्लू के मरीज की हालत गंभीर हो गई है। सेक्टर 37 निवासी ढाबा मालिक को सेक्टर 16 में एडमिट कराया गया था। वहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई के डाक्टरों ने बताया कि उनकी हालत गंभीर है। वेंटीलेटर पर है।