संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। सगराना के ग्रामीण गांव से लेकर बरवाला तक की टूटी सड़क की समस्या से काफी परेशान हैं। सड़क की मरम्मत न करवाए जाने पर सरकार और पीडब्ल्यूडी के प्रति ग्रामीणों ने काफी नाराजगी है। ग्रामीणों को करीब 6 किलोमीटर की इस टूटी सड़क की वजह से बरवाला पहुंचने में दोगुना समय लग रहा है। वे पंजाब प्रांत के गांव फतेहपुर बेहड़ा से 15 किलोमीटर की दूरी अलग से तय कर बरवाला पहुंच रहे हैं।
सगराना पंचायत सदस्य सुच्चा सिंह, त्रिलोचन सिंह, भूपेंद्र सिंह, गुलजार सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उनका गांव खंड बरवाला और ग्राम पंचायत भरेली में पड़ता है। यह हरियाणा-पंजाब की सीमा पर स्थित है। गांव से लेकर बरवाला तक की सड़क पूरी तरह से टूट कर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। यहां से ग्रामीणों का गुजरना मुश्किल हो गया है। इसको लेकर ग्रामीण काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी समस्या को लेकर सरकार के नुमाइंदों और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से सड़क की मरम्मत करवाए जाने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन 10 साल से उनकी इस समस्या का आज तक किसी ने कोई संज्ञान नहीं लिया।
इसको लेकर ग्रामीणों में प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के प्रति काफी रोष पनप रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क खस्ताहाल होने के कारण आए दिन लोग और वाहन चालक गड्ढों में गिरकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इससे उनको जान और माल दोनों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। गांव की बेटियां सड़क मार्ग टूटा होने के कारण शिक्षण संस्थान जाने से भी वंचित रह रही हैं। गांव की बेटियों के लिए आज तक कोई बस सुविधा की व्यवस्था भी नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि एक तरफ तो सरकार की तरफ से सबका साथ सबका विकास को लेकर विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं लेकिन उनके गांव में धरातल पर विकास के दावे कहीं पर भी नजर नहीं आ रहे। गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि चुनावों के दौरान कोई उनके गांव में वोट मांगने आएगा तो वे उसको मुंह तोड़ जवाब देंगे।
सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर सरकार के पास भेजा हुआ। टेंडर पास होने पर ही सड़क का मरम्मत का कार्य करवाया जा सकेगा। - अनिल कंबोज, एडीओ, पीडब्ल्यूडी
उनके गांव से बरवाला तक सड़क मार्ग लंबे समय से जर्जर हाल में है। ग्रामीण भारी परेशानी झेलनी को मजबूर हैं। समस्या का समाधान न होने के कारण ग्रामीणों में रोष है -सुच्चा सिंह, पंचायत सदस्य
सड़क टूटने के कारण उनका बरवाला और पंचकूला से संपर्क टूट चुका है। उन्हें पंजाब की सड़कों से घूमकर अपनों कामों के लिए बरवाला व पंचकूला आदि शहरों में पहुंचना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी उनकी समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सरकार और प्रशासन को ग्रामीणों की समस्या पर तुरंत संज्ञान लेकर समाधान करवाना चाहिए। - ग्रामीण त्रिलोचन सिंह
टूटी सड़क होने के कारण आए दिन गड्ढों में गिरकर टू व्हीलर चालक चोटिल हो रहे हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं को भी बढ़ावा मिल रहा है। - ग्रामीण भूपेंद्र सिंह
बरवाला से उनके गांव की सीमा के साथ लगते पंजाब प्रांत को जोड़ने का यह एक मुख्य मार्ग है। इसी मार्ग से हरियाणा और पंजाब के लोग हरियाणा व पंजाब में आवाजाही करते हैं। उन्हें सड़क मरम्मत के आश्वासन तो मिलते हैं लेकिन धरातल पर आज तक कुछ भी नहीं हो पाया। जिससे ग्रामीणों में सरकार व प्रशासन के खिलाफ काफी नाराजगी है। गुलजार सिंह