पंचकूला। करनाल के व्यापारी कुणाल चोपड़ा से पंचकूला के एक होटल में 55.50 लाख रुपये छीनने के मामले में आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूर्व एचएसचओ नवीन सहारण, हेड कांस्टेबल हरपाल सिंह और एक अन्य आरोपी संजीव साध को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच कर रही एसआईटी अभी रुपयों की रिकवरी नहीं कर पाई है। हालांकि पूछताछ में यह सामने आया है कि 55.50 लाख रुपये की रकम लेने क बाद आरोपी संजीव गौड़ और विक्रम गायब हैं। अभी तक पुलिस इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस की तरफ से सभी आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन भी ट्रेस की गई है। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने कई जगह छापा मारा, लेकिन अभी तक आरोपी उनकी पहुंच से दूर हैं। सेक्टर-5 होटल शिराज में 11 दिसंबर को व्यापारी से 55.50 लाख रुपये छीनने के मामले में एसआईटी रिपोर्ट में दोषी पाए जाने के बाद एसएचओ इंस्पेक्टर नवीन सहारण, हेड कांस्टेबल हरपाल सिंह और एसपीओ पवन कुमार को तीन जनवरी को निलंबित कर दिया गया था। पवन कुमार पहले ही न्यायिक हिरासत में है। यह कार्रवाई पंचकूला डीसीपी मोहित हांडा ने गठित एसआईटी की रिपोर्ट के बाद की थी। इस मामले में पैसे की बरामदगी और अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।